प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत 2047 की यात्रा मजबूत सुधारों और प्रमुख क्षेत्रों में निवेश से आकार ले रही है। पीएमओ इंडिया ने एक्स पर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अध्यक्ष आर. मुकुंदन के एक लेख का जिक्र किया, जिसमें बुनियादी ढांचे में निवेश, जीएसटी, डिजिटल सार्वजनिक ढांचे, कॉर्पोरेट कर में सुधार, पीएलआई योजनाओं और व्यापार समझौतों के जरिये विकास की नींव रखे जाने का उल्लेख किया गया है। पोस्ट में कहा गया कि भारत की आर्थिक क्षमता को स्थायी समृद्धि में बदलने के लिए सरकार और उद्योग जगत को 'टीम भारत' के रूप में मिलकर काम करना चाहिए।
मुकुंदन ने एक प्रमुख वित्तीय दैनिक में लिखे लेख में अगस्त 2047 की कल्पना की है, जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100वें वर्ष में होगा। उन्होंने 'विकसित भारत' तक पहुंचने के लिए जरूरी रोडमैप भी पेश किया। उनके अनुसार भारत एक उच्च-आय वाला देश होगा, जहां विनिर्माण का कुल उत्पादन में 25 प्रतिशत योगदान हो, औपचारिक रोजगार और कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़े, और भारतीय कंपनियां सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा तथा फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में अग्रणी हों।
वर्तमान आर्थिक पैमानों का जिक्र करते हुए मुकुंदन ने कहा कि 2025 तक प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय (जीएनआई) 2,760 डॉलर थी, विनिर्माण का जीवीए में योगदान लगभग 15 प्रतिशत था और अनुसंधान एवं विकास पर खर्च जीडीपी का 0.84 प्रतिशत था। लेख के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में स्मार्टफोन भारत का सबसे बड़ा निर्यात उत्पाद बन गए, सेमीकंडक्टर से जुड़ी 12 परियोजनाओं को मंजूरी मिली और गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट के पार पहुंच गई। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच घोषित 26.6 लाख करोड़ की परियोजनाओं में 86 प्रतिशत निवेश निजी क्षेत्र से आया। जीएसटी सुधारों, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, बुनियादी ढांचे में निवेश और पीएलआई योजनाओं की मदद से भारत की आर्थिक वृद्धि दर लगभग 8 प्रतिशत के स्तर पर बनी रही।
रोडमैप में कंपनियों को सुझाव दिया गया है कि वे मांग बढ़ने का इंतजार करने के बजाय पहले ही उत्पादन क्षमता बढ़ाएं, आयात या सरकार के स्थायी संरक्षण पर निर्भर न रहें, देश के भीतर अनुसंधान और विकास को मजबूत करें, कारोबार को आसान बनाने तक ही सीमित न रहें और राज्यों में सुधारों के जरिये काम की गति बढ़ाएं।