लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव लाल साड़ी पहनकर पहुंचीं और चर्चा के केंद्र में रहीं। उनके इस लुक को पार्टी कार्यकर्ताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को साधने का प्रयास किया और वे लाल टोपी तथा नीला गमछा पहने नजर आए। वहीं डिंपल यादव ने लाल साड़ी के जरिए महिला सशक्तिकरण और पारिवारिक एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। मंच पर वे इकरा हसन के साथ बैठी दिखीं, जबकि उनके पास चाचा शिवपाल यादव भी मौजूद रहे।
अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र लाने की बात कही। पार्टी के घोषणा पत्र में बुजुर्ग महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन और बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना देने का दावा किया गया है। डिंपल यादव ने घोषणा पत्र को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसमें तमाम मुद्दों को शामिल किया गया है और पार्टी सभी समस्याओं से निपटने का विकल्प दे रही है। उन्होंने महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर भाजपा पर निशाना भी साधा।
