अमेरिका ने भारत समेत कई देशों पर नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है, जिससे टैरिफ़ वॉर तेज़ होने की आशंका बढ़ गई है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने मैन्युफ़ैक्चरिंग में ज़रूरत से अधिक उत्पादन के लिए सेक्शन 301 की जांच के बाद यह प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव के मुताबिक़ भारतीय सामानों पर 25% तक टैरिफ़ लगाया जा सकता है, लेकिन ट्रेड डील होने पर इसे घटाकर 17% किए जाने का भी प्रस्ताव है। यूएसटीआर ने भारत पर मुख्यतः पांच आरोप लगाए हैं—मैन्युफ़ैक्चरिंग बढ़ाने की योजनाएं, श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी, वित्तीय क्षेत्र में सरकारी हस्तक्षेप, बाज़ार तक पहुंच में बाधाएं और वैश्विक अतिरिक्त उत्पादन पर लगाम लगाने में नाकामी।
भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने इन आरोपों का खंडन किया है। मंत्रालय ने कहा कि नोटिस पर विचार किया जा रहा है और जांच के जवाब में वाणिज्य विभाग ने पहले ही कहा था कि भारत के किसी भी सेक्टर में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय के अनुसार ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही है और भारत का रुख़ है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए। सरकार ने ट्रेड डील को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
फिक्की-सीएमएसएमई की अध्यक्ष हरजिंदर कौर तलवार ने नए टैरिफ़ को भारतीय उद्योगों के लिए चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि 25% टैरिफ़ भारतीय एमएसएमई के लिए बेहद मुश्किल होगा, क्योंकि वे पहले से ही बहुत कम मुनाफ़े पर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत निष्पक्ष और उचित शर्तों पर व्यापार समझौते का स्वागत करता है, लेकिन 25% टैरिफ़ के साथ नहीं। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक़ ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने भारत को सतर्क रहने और टैरिफ़ में बदलाव के बदले एकतरफ़ा रियायतें देने से बचने की सलाह दी है।
इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट्स प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) इंडिया के अध्यक्ष पंकज चड्ढा ने कम दर वाले प्रस्तावित टैरिफ़ को फ़ायदे का सौदा होने पर शंका ज़ाहिर की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड पर लगभग 18% टैरिफ़ है, और ट्रेड डील के तहत भारत पर 17% टैरिफ़ लगने से बड़ा फ़ायदा होने की उम्मीद कम है। पीएचडी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सीईओ और महासचिव डॉ. रंजीत मेहता ने कहा कि नया टैरिफ़ तुरंत लागू नहीं होगा और ट्रेड डील न होने की स्थिति में ही 25% शुल्क लगेगा। उन्होंने कहा कि भारत मजबूत स्थिति से बातचीत करेगा और समझौते को जल्द अंतिम रूप देना ज़रूरी है।
