नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान जारी किए। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों को बताया कि इस साल देश में रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन खाद्यान्न का उत्पादन हुआ है, जो पिछले साल से 208.06 लाख टन अधिक है। चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा, जो अब तक का सर्वाधिक है और पिछले साल से 49.70 लाख टन बढ़ा है। गेहूं का उत्पादन भी रिकॉर्ड 1220.64 लाख टन दर्ज किया गया, जो पिछले साल से 41.19 लाख टन अधिक है।
मंत्री ने बताया कि मक्का उत्पादन 2024-25 के 434.09 लाख टन से बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया। कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जिसमें मूंग ने 43.96 लाख टन का नया रिकॉर्ड बनाया। तिलहन उत्पादन भी बढ़कर रिकॉर्ड 432.55 लाख टन दर्ज किया गया। गन्ना 5037.29 लाख टन, कपास 280.06 लाख गांठें और जूट एवं मेस्ता 94.28 लाख गांठें रहा।
चौहान ने बताया कि अल नीनो की वापसी, जून में मानसून की देरी और कुछ प्रमुख कृषि क्षेत्रों में सूखे की स्थिति के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। इस सीजन में खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने का अनुमान है।
मंत्री ने कहा कि चावल और गेहूं में अधिशेष हासिल करने के बाद सरकार का ध्यान फसल विविधीकरण तथा दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता पर है। उन्होंने बताया कि भारतीय चावल के निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
