लोकसभा में 132वां संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए एनडीए को डीएमके का सहयोग मिल सकता है। डीएमके नेता एमके स्टालिन ने शनिवार को परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी दो प्रमुख शर्तें मान ली गई हैं और यह राज्य की बड़ी जीत है। लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं, जिससे एनडीए दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गया है। आठ लोकसभा सांसदों वाली एनसीपी एसपी भी विधेयक का समर्थन कर सकती है।

लोकसभा में 30 नवंबर और 1 दिसंबर तथा राज्यसभा में 2 और 3 दिसंबर को विशेष सत्र की बैठक होनी है। इससे पहले अप्रैल में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया था, लेकिन वह गिर गया था। डीएमके ने भी उसके विरोध में वोट किया था। तमिलनाडु में टीवीके सरकार को कांग्रेस के समर्थन के बाद डीएमके इंडिया गठबंधन से अलग हो गई है और कांग्रेस से दूरी बनाकर चल रही है।

डीएमके के लिए एनडीए में रहना नई बात नहीं है। पार्टी 1999 में वाजपेयी सरकार में एनडीए में रह चुकी है। 1998 में बीजेपी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया था और बड़ी जीत हासिल की थी। उस समय एआईएडीएमके के 18 सांसद थे और वह लोकसभा में एनडीए की सहयोगी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी थी, लेकिन उसके समर्थन वापस लेने की वजह से वाजपेयी सरकार एक वोट से गिर गई थी। 1999 के लोकसभा चुनाव में डीएमके और बीजेपी ने हाथ मिलाया, जबकि एआईएडीएमके कांग्रेस के साथ हो गई।

2004 में डीएमके ने एक बार फिर कांग्रेस का रुख किया और 2014 के चुनाव को छोड़कर यह साथ 2026 तक बना रहा। 2026 के विधानसभा चुनाव में नई पार्टी टीवीके ने सरकार बनाई और कांग्रेस ने उसका समर्थन किया, जिसके बाद डीएमके ने कांग्रेस को गद्दार कहना शुरू कर दिया। हिंदुत्व के मुद्दे पर डीएमके और बीजेपी का रुख अलग रहा है, लेकिन डीएमके के एनडीए में आने पर आश्चर्य नहीं जताया जा सकता है।