तेल अवीव: इजरायल की यशार पार्टी के नेता गादी आइजेनकॉट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से राष्ट्रीय एकता सरकार पर तुरंत बातचीत की मांग की है। उन्होंने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी से कहा है कि अगर वह नई सरकार को लेकर गंभीर हैं तो इसे साबित करें। आइजेनकॉट ने लिकुड नेताओं को बातचीत के लिए 24 घंटे का समय दिया है। यह जवाब नेतन्याहू की उस पेशकश के बाद आया है, जिसमें रोटेशन व्यवस्था के तहत आइजेनकॉट को पहले प्रधानमंत्री बनाने की बात कही गई थी।

नेतन्याहू के यूनिटी सरकार में बाद के दो सालों में पीएम बनने के लिए राजी होने के बाद आइजेनकॉट ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि अगर लिकुड सच्ची एकता के लिए तैयार है तो वह अगले 24 घंटों में उनके इरादों की गंभीरता परखने को तैयार हैं। उन्होंने नेतन्याहू और उनकी टीम को हर्जलिया के 'डैन अकाडिया होटल' में आमंत्रित किया है, जहां वह अपनी बातचीत टीम के साथ ठहरे हुए हैं।

आइजेनकॉट ने कहा कि बुनियादी दिशानिर्देशों और नीतिगत मुद्दों पर गंभीर और तेज बातचीत हो सकती है। यह बातचीत उस विस्तृत प्रस्ताव पर आधारित होगी, जिस पर नेतन्याहू ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो इजरायल के सभी नागरिकों का प्रतिनिधित्व करे, उन लोगों का भी जिन्होंने उन्हें या उनके राजनीतिक सहयोगियों को वोट नहीं दिया था। आइजेनकॉट ने कहा कि इजरायल को एकता की जरूरत है और इसके लिए वह राजनीतिक कीमत चुकाने को भी तैयार हैं।

आइजेनकॉट ने यह भी दावा किया कि रविवार को प्रधानमंत्री के अनुरोध पर बनाए गए एक गुप्त चैनल के जरिए नेतन्याहू को विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों और कुछ क्षेत्रों में बड़े समझौते की बात शामिल थी, लेकिन अभी तक इस पर कोई जवाब नहीं मिला है। बता दें कि नेतन्याहू ने शनिवार को पहली बार यह प्रस्ताव रखा था कि सरकार के कार्यकाल की शुरुआत में आइजेनकॉट प्रधानमंत्री बनें, जबकि वे खुद 'वैकल्पिक प्रधानमंत्री' के रूप में काम करें। इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए आम चुनावों में किसी गठबंधन को बहुमत नहीं मिला। 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 सीटें जरूरी हैं। आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 और नेतन्याहू के एलायंस को 53 सीटें मिली हैं, जिसके चलते नई सरकार बनाने को लेकर गतिरोध बना हुआ है।