फ्रांस में आंसू गैस के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं। कई महिलाओं ने आरोप लगाया है कि इसके संपर्क में आने के बाद उनकी माहवारी में बदलाव आया और पेट दर्द जैसी समस्याएं हुईं। महिला अधिकार समूह का दावा है कि उसे इस संबंध में 10 हजार से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। यह मामला हाल ही में छात्रों के प्रदर्शनों के दौरान पुलिस द्वारा आंसू गैस के इस्तेमाल से जुड़ा है।

सामाजिक संगठनों और विपक्षी नेताओं ने आंसू गैस के इस्तेमाल पर रोक लगाने और इसके स्वास्थ्य प्रभावों की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इससे महिलाओं में मासिक धर्म से जुड़े बदलाव और प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, वैज्ञानिकों ने अभी तक यह साबित नहीं किया है कि आंसू गैस से पीरियड्स में बदलाव या गर्भपात जैसी समस्याएं होती हैं। अमेरिका में हुए एक अध्ययन में इसके संभावित संबंध के संकेत मिले थे, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।

फ्रांस के गृह मंत्री लारेंट नुनेज ने प्रतिबंध की मांग को खारिज करते हुए कहा है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस जरूरी है। पुलिस आमतौर पर आंसू गैस के लिए सीएस नामक रसायन का इस्तेमाल करती है, जो आंखों, त्वचा और सांस लेने की नली में जलन पैदा करता है।