पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने 22 नवंबर को राजधानी में आयोजित पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दौरान उनसे भारत में हुए आतंकी हमलों और पाकिस्तान की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे गए। एक पत्रकार द्वारा आतंकवाद पर सवाल किए जाने पर मलिक चिढ़ गए और कहा, 'इतना ऊंची आवाज में क्यों बात कर रहे हैं भाई।'
मलिक ने सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय आतंकवाद से जुड़े आरोपों पर सबूत मांगे। उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे पर चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के हजारों नागरिक भी कट्टरपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं और उनकी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान दे रही है। उन्होंने आतंकवाद को पूरे क्षेत्र की समस्या बताया।
पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि समाधान के लिए सभी सबूत और तथ्य पारदर्शी तरीके से एक-दूसरे के सामने रखे जाने चाहिए और इसके लिए एक ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए जहां इन सबूतों पर चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान की सबसे ज्यादा दिलचस्पी है। हालांकि, भारत की ओर से पाकिस्तान में मौजूद आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया।
मलिक ने भारत के साथ बातचीत का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि आतंकवाद का स्थायी समाधान निकालने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाधान खोजने के बजाय उकसाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कई मंचों पर भारत के साथ बातचीत का प्रस्ताव रख चुका है। इधर, भारत लंबे समय से स्पष्ट करता रहा है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते और वह सीमा पार से होने वाले आतंकवाद को अपनी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानता है।
