एससीओ समिट में शामिल होने भारत आए पाकिस्तान के क्लाइमेट चेंज मिनिस्टर मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि रद्द किए जाने से जुड़े सवाल पर कहा कि पहले आसान मुद्दों पर बात करते हैं। वह पिछले तीन साल में भारत का दौरा करने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।
पिछले साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था। भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर दी थी। जब मलिक से इस पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ''पहले आसान मुद्दों पर बात करते हैं और बाद में हम और पाकिस्तान से जुड़े ज्यादा चिंता वाले मुद्दों पर बात कर सकते हैं।''
मलिक ने कहा कि इस इलाके में शांति होनी चाहिए और यहां के मसले सुलझाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस इलाके का पहला फोकस गरीब और कमजोर लोगों पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के इस तरफ, उस तरफ, ऊपर और नीचे रहने वाले सभी कमजोर लोगों के बारे में बात होनी चाहिए। मलिक ने कहा कि बेहतर होगा कि सब एक साथ बैठकर उन लोगों पर चर्चा करें जिन पर इन मसलों का असर पड़ता है और उनके लिए समाधान तलाशा जाए।
भारत की मेजबानी में रविवार को आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच ने 'इंद्रप्रस्थ घोषणापत्र' नाम से एक दस्तावेज जारी किया, जिसमें सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और हर सभ्यता को समान आवाज के रूप में सम्मान देने का आह्वान किया गया है। पुराने किले में हुए तीन दिवसीय इस बैठक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को किया था। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन से इतर भारत और पाकिस्तान के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई, हालांकि भोज के दौरान भारतीय पक्ष के सदस्यों ने उनसे बातचीत की।
