लखीमपुर खीरी के कुंभी चीनी मिल परिसर में देश के पहले बायोप्लास्टिक प्लांट के शुभारंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्लांट के पास 10 एकड़ से अधिक जमीन खाली कराकर जोतवाई गई है। यह प्लांट पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए 308 पहियों वाले ट्रक को लेकर चर्चा में आया था। उद्घाटन को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि प्रधानमंत्री या कोई अन्य बड़ा नेता शामिल हो सकता है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन ने ऐसे किसी दौरे की जानकारी होने से इनकार किया है। मिल से जुड़े किसानों का अनुमान है कि प्रधानमंत्री दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आ सकते हैं।
पीएलए डिवीजन के मानव संसाधन विभागाध्यक्ष संत कुमार शुक्ला ने बताया कि प्लांट के उद्घाटन में बड़े नेता आएंगे, लेकिन कौन आएगा इसकी जानकारी अभी नहीं है। गोला एसडीएम ने भी किसी बड़े नेता के आने की सूचना से अनभिज्ञता जताई। पिछले साल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर और बायोप्लास्टिक प्लांट का भूमि पूजन एक ही दिन किया था। छोटी काशी में यह चर्चा भी है कि प्रधानमंत्री पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर का उद्घाटन वर्चुअल रूप से कर सकते हैं।
करीब 3080 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हो रही यह इकाई लगभग 135 एकड़ में विकसित की जा रही है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। परिवहन, माल ढुलाई, निर्माण, रखरखाव और अन्य सहायक सेवाओं से जुड़े कारोबार को भी गति मिल सकती है। प्लांट देश का इकलौता होने के कारण औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने पर यहां कई दर्जन फैक्ट्रियां लगने का अनुमान है। शुरुआती दौर में इससे रोजाना लगभग 80 हजार टन उत्पादन होने की संभावना है। इससे सिंगल-यूज प्लेट, कप, गिलास, चम्मच, कांटे, कैरी बैग और बोतलें बनाई जा सकती हैं।
बेल्जियम से आया प्लांट का वेसल 15 मई 2026 को ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंचा था। वहां से रवाना होने के बाद 308 पहियों वाले ट्रक के जरिए करीब पांच महीने का सफर तय कर वेसल 22 अक्टूबर 2026 को कुंभी चीनी मिल परिसर पहुंचा था। इस दौरान 308 पहियों वाला ट्रक पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ था। गुरुवार को कुंभी चीनी मिल स्थित पीएलए बॉयलर कोजेन का वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान से पूजन किया गया। पूजन इकाई प्रमुख डा. सुनील कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष एवं कारखाना प्रबंधक, वरिष्ठ महाप्रबंधक प्रशांत गोंडरे, पीएलए डिवीजन के टेक्निकल हेड शिवेश सिंह, प्रशांत चौधरी, राजीव श्रीवास्तव, गन्ना विभागाध्यक्ष चंद्रहास, आलोक चौधरी और संत कुमार शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
