सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सामरिक व्यवस्था से जुड़े कई अन्य संगठनों के व्हाट्सएप ग्रुपों में पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) की घुसपैठ सामने आई है। पीआईओ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुप्त एजेंट होते हैं। इस साइबर घुसपैठ का मकसद सेना और सीएपीएफ इकाइयों की ऑपरेशनल सूचना, सामरिक प्रतिष्ठान, सैन्य गतिविधियों, रक्षा तैनाती और संवेदनशील जानकारियों से जुड़े आंकड़े जुटाना बताया जा रहा है।
पिछले सप्ताह 17 नवंबर को कई सुरक्षा बलों ने अपने कर्मियों को आईएसआई और उसके गुर्गों पीआईओ की हरकतों से सतर्क रहने को कहा है। सेना और अन्य सुरक्षा बलों से यह संदेश ज्यादा से ज्यादा जवानों तक पहुंचाने को कहा गया है। बताया गया है कि पीआईओ इन बलों के व्हाट्सएप ग्रुपों में घुसकर सैन्य गतिविधियों, अहम क्षेत्रों में तैनाती और अति संवेदनशील सुरक्षा नेटवर्क में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और सिविल डिफेंस कर्मियों को बताया गया है कि पीआईओ कई व्हाट्सएप ग्रुपों में छिपकर बैठे हैं और खुद को फोर्स से जुड़ा व्यक्ति बता रहे हैं। हाल ही में सोनिया नाम की एक पीआईओ का मामला सामने आया, जिसने खुद को डीआरडीओ का वैज्ञानिक बताया। 'ऑल इंडिया डिफेंस सिविलियन म्यूचुअल ट्रांसफर पोस्टिंग' वाले व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल होकर उसने एक सिविलियन स्टाफ से बातचीत की और उसे जाल में फंसाया। आरोप है कि पैसे लेकर उस कर्मचारी ने रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक कर दी।
इसके बाद बीआरओ सहित सभी सशस्त्र बलों और अन्य संगठनों को सतर्क किया गया है। सभी बलों और संगठनों से कहा गया है कि वे अपने कर्मियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दें और सजग रहने की ट्रेनिंग दें। संभव हो तो छोटे समूहों में साइबर क्राइम और खासकर पीआईओ को लेकर जानकारी दी जाए। सेना के अलावा विभिन्न सुरक्षा बलों और बीआरओ सहित रक्षा क्षेत्र के अन्य संगठनों के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों का ऑडिट करने का काम ग्रुप एडमिन को सौंपा गया है। अज्ञात लोगों को ग्रुप से बाहर करने, पुराने ग्रुप समाप्त करने या संदिग्ध सदस्य को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी ध्यान रखा जाए कि इन ग्रुपों में कोई संवेदनशील जानकारी न डाली जाए और उस बारे में व्हाट्सएप ग्रुप पर चर्चा न की जाए।