गया जिले में जीविका ने ग्रामीण घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले की 7,400 महिलाओं को सौर ऊर्जा अभियान से जोड़ा जाएगा। जीविका समूहों से जुड़ी ये महिलाएं गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की रूफटॉप सोलर योजना की जानकारी देंगी और लोगों को अपने घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने के लिए जागरूक करेंगी।
जीविका के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाना और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। गांवों में पहले से सक्रिय स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से परिवारों तक आसानी से पहुंच बनाई जाएगी। महिलाएं लोगों को समझाएंगी कि छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाकर बिजली की जरूरत का एक हिस्सा स्वयं पूरा किया जा सकता है। जिन परिवारों को सरकारी योजना की जानकारी नहीं है, उन्हें भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान का दायरा केवल गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सीमित नहीं रहेगा। मध्यम वर्गीय और अन्य इच्छुक परिवारों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जीविका दीदियां लोगों को बताएंगी कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने से लंबे समय तक बिजली के खर्च में बचत की जा सकती है और परंपरागत बिजली पर निर्भरता भी कम होगी।
जिले के 74 संकुल स्तरीय संघों से पहले चरण में 100-100 महिलाओं को इस अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इस प्रकार कुल 7,400 महिलाएं लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएंगी। अभियान में कुटीर ज्योति योजना से जुड़े परिवारों और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे पात्र परिवारों को निशुल्क सौर ऊर्जा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। जीविका में प्रबंधन सामाजिक विकास राकेश कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।
