महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंडरानी जंगल में 23 वर्षीय एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश वर्षा के परिचित नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने कथित तौर पर रची थी, जिसे उनके संबंधों पर संदेह था। आरोप है कि मोना ने 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी। दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुणे एयरपोर्ट पर काम करने वाली वर्षा तुरकर दिवाली मनाने के लिए अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित अपने मायके आई थी। पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को वह घर से करीब 40 किलोमीटर दूर गोंदिया जिले के बोंडरानी इलाके में अपने पुराने परिचित नितेश अग्रवाल से मिलने गई थी। दोनों करीब दस साल से एक-दूसरे को जानते थे। जंगल में वनगंगा नदी के किनारे एक शिव मंदिर के पास तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन पर हमला कर वर्षा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पूरी घटना का नितेश अकेला चश्मदीद गवाह बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या कथित तौर पर नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने करवाई थी। बताया जा रहा है कि मोना को अपने पति और वर्षा के संबंधों पर संदेह था और उसे तलाक की आशंका थी। पुलिस के अनुसार, मोना ने पहले अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर से संपर्क किया, जिसने शाहरुख पठान से बात की और हत्या के बदले 13 लाख रुपये दिए। शाहरुख ने यह काम गोंदिया के संजय नगर मुरी इलाके के तीन स्थानीय युवकों इमरान करीम शेख, नायलन शेख और कृष राउत को सौंपा।
गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने बताया कि आरोपियों ने नितेश की कार की लाइव जीपीएस लोकेशन पाने के लिए कार से जुड़े ऐप की आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया। वह गाड़ी मोना के नाम पर रजिस्टर है। इससे हमलावर बाइक से जंगल तक पहुंचे और मंदिर के पास गाड़ी रुकते ही वर्षा पर हमला कर दिया। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने बोंडरानी जंगल के अलावा तिरोदा, खैरलांजी, वारासिवनी और गोंदिया के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। मुखबिर की सूचना पर 19 नवंबर को हिस्ट्रीशीटर इमरान शेख को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में मोना द्वारा साजिश रचने की बात कबूल कर ली। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने मोना, कुणाल और इमरान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शाहरुख पठान को भी गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपी नायलन और कृष फिलहाल फरार हैं।
