गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से बुधवार दोपहर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था।

ओंकार सिंह आवास विकास कालोनी, झारखंडी के निवासी हैं और भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे आर्यवर्धन पैदल चौराहे पर अपनी बहन को लेने जा रहा था। पुलिस का दावा है कि वह स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान बैकहो लोडर ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे एम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाकर स्वजन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

ओंकार सिंह ने रोड शो में बैकहो लोडर शामिल कराने वाले आयोजक और चालक के विरुद्ध कार्रवाई तथा झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात आठ बजे धरना समाप्त हुआ और यातायात संचालन हो सका। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। एसएसपी के अनुसार हादसे के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बैकहो लोडर चालक तथा आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है।