क्राइस्टचर्च: भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट क्रिकेट में पहला विकेट मिल गया है। हेगली ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में बरार को डेब्यू का मौका मिला है। टीम में उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह शामिल किया गया है। अपने पांचवें ओवर में बरार को पहली सफलता मिली।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बरार ने न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे को आउट किया। राउंड द विकेट से गेंद कॉन्वे के पैड पर लगी और अंपायर ने अपील पर ऊंगली खड़ी कर दी। बल्लेबाज ने डीआरएस का सहारा लिया, लेकिन बॉल ट्रैकिंग में तीन लाल दिखने के कारण न्यूजीलैंड का रिव्यू भी बर्बाद हो गया। कॉन्वे ने 79 गेंद पर 31 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को कॉन्वे और टॉम लाथम की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। पिच में मदद के बावजूद भारतीय गेंदबाज विकेट नहीं ले पा रहे थे। बरार ने लंच ब्रेक से पहले आखिरी गेंद पर कॉन्वे को आउट किया। कॉन्वे और लाथम के बीच पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई।
दो मैचों की सीरीज का यह निर्णायक मुकाबला है। वेलिंगटन में खेला गया पहला मैच ड्रॉ रहा था, जिसमें भारतीय टीम ने दबदबा बनाए रखा था, लेकिन न्यूजीलैंड ने जूझारू प्रदर्शन कर मैच बचा लिया। अब इस मैच को जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। भारत ने 2009 के बाद न्यूजीलैंड में कोई टेस्ट मैच या सीरीज नहीं जीती है।
