सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने नंबर-11 पर बैटिंग करते हुए टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेली है। उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ 26 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स के नाम था, जिन्होंने 2020 में बिग बैश में 35 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

सौराष्ट्र की टीम इस मैच में 92 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद उनादकट और चेतन सकारिया के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई। टी20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए यह संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। 2016 में पीएसएल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स के लिए ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई थी।

भारतीय खिलाड़ियों में मुनाफ पटेल ने 2009 आईपीएल में राजस्थान के लिए दिल्ली के खिलाफ नंबर-11 पर 10 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली थी। वहीं, टी20 में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारियों की सूची में ड्वेन ड्रेक्स (34*), खालिद अहमदी (31*) और मुजीब उर रहमान (27) भी शामिल हैं।

इस मैच में तमिलनाडु ने सौराष्ट्र को 38 रनों से हराया। साई किशोर की कप्तानी वाली टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 192 रन बनाए। छठे नंबर पर उतरे सनी संधु ने 17 गेंदों पर 6 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि आर राजकुमार ने 36 रनों का योगदान दिया। सौराष्ट्र की पारी 17वें ओवर में 154 रनों पर सिमट गई।