गुरुग्राम में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बरसाती पानी के संग्रहण पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत मौजूदा जलाशयों की क्षमता बढ़ाने के साथ नए तालाब और भूमिगत जल भंडारण स्थल विकसित किए जाएंगे। अगले मानसून से पहले ऐसे कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है, जिन्हें कम समय में पूरा किया जा सके।

मंगलवार को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसाती पानी को व्यर्थ बहने से रोककर जलाशयों और तालाबों में संग्रहित करने की व्यवस्था की जाए। वजीराबाद में करीब आठ एकड़ में बने जलाशय की खोदाई कर उसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी और जलाशय के क्षेत्रफल में 10 से 12 एकड़ तक अतिरिक्त विस्तार की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। घाटा गांव के जलाशय की भी खोदाई कर गहराई बढ़ाई जाएगी, ताकि मानसून के दौरान अधिक मात्रा में बरसाती पानी का संग्रहण हो सके।

एंबियंस माल के नजदीक हरियाणा-दिल्ली सीमा पर पर्यटन विभाग की धनचिरी कैंप वाली जमीन पर तालाब विकसित करने की योजना पर भी काम होगा। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम की दोनों बड़ी पार्किंग और फुटबाल मैदान के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इन कार्यों को जीएमडीए की ओर से करवाया जाएगा। नगर निगम गुरुग्राम ने बैठक में बताया कि पिछले करीब 10 महीनों में 28 मौजूदा तालाबों को विकसित किया गया है और अब अगले वर्ष मानसून से पहले 28 अन्य तालाब विकसित करने की योजना है। बैठक में सुप्रीम कोर्ट फैसले के बाद मिली 270 एकड़ जमीन पर तालाब या झील विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश भी दिए गए।

मानेसर नगर निगम ने कासन और नौरंगपुर गांव में तालाब विकसित करने के साथ 21 अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-29 के पार्किंग स्थलों के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाएं तलाशेगा। एचएसआइआइडीसी की गुरुग्राम और मानेसर के बीच करीब 247 एकड़ जमीन पर बड़ा पार्क विकसित करने की योजना है और डीएस ढेसी ने इस पार्क की योजना में जलाशय को भी शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का संचयन किया जा सके। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बेहेरा ने सुझाव दिया कि मानसून से पहले मौजूदा जलाशयों की खुदाई कर उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जा सकती है। बैठक में जीएमडीए के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा, मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव और मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।