गुरुग्राम मंडल में डाक विभाग की बीमा सेवाओं में डिजिटल बदलाव हुआ है। पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) और रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (RPLI) से जुड़े कामों में इस्तेमाल होने वाले पुराने मैककैमिश सॉफ्टवेयर की जगह अब इंश्योरेंस मैनेजमेंट सॉल्यूशन (IMS) लागू कर दिया गया है। बुधवार से शुरू हुई इस नई व्यवस्था से गुरुग्राम-रेवाड़ी मंडल के 38,570 पॉलिसीधारकों को बीमा संबंधी सेवाएं पहले से अधिक सरल और तेज मिलने की उम्मीद है।

डाक विभाग के अनुसार, IMS के जरिए नई पॉलिसी लेने, प्रीमियम जमा करने, नामांकन में बदलाव, पता परिवर्तन, लोन, सरेंडर और दावा संबंधी प्रक्रियाएं अधिक सुविधाजनक होंगी। कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे ग्राहक घर बैठे बीमा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और जरूरी काम करा सकेंगे। इससे पॉलिसीधारकों को बार-बार डाकघर के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

विभाग के अनुसार, पुराने सॉफ्टवेयर में कई प्रक्रियाओं को पूरा होने में कई दिन लग जाते थे, जबकि IMS से डाकघर स्तर पर होने वाले कई कार्यों का उसी दिन निपटान हो सकेगा। इससे ग्राहकों का समय और मेहनत बचेगी और सेवाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

गुरुग्राम-रेवाड़ी मंडल में कुल 38,570 PLI और RPLI पॉलिसीधारक हैं, जिनमें 24,682 से अधिक RPLI के ग्राहक हैं। पिछले वित्त वर्ष में मंडल में 4,118 से अधिक नई पॉलिसियां जारी की गई थीं। मंडल में 61 उपडाकघर, 186 शाखा डाकघर और गुरुग्राम सदर बाजार में एक प्रधान डाकघर है। डाक विभाग का उद्देश्य बीमा सेवाओं को डिजिटल माध्यम से अधिक सुलभ बनाना है, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के बीमाधारकों को भी मिलेगा। प्रवर अधीक्षक डाकघर, गुरुग्राम मंडल पंकज कुमार मीना (आईपीओएस) के अनुसार, ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से पॉलिसीधारकों को जानकारी प्राप्त करने और बीमा संबंधी कार्यों में समय की बचत होगी।