गुरुग्राम नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों और सफाई एजेंसियों की जवाबदेही तय की है। निगमायुक्त डॉ पंकज ने शनिवार को अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे कार्यालय में बैठकर रिपोर्ट देखने के बजाय फील्ड विजिट कर सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति जांचें। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सड़कों की सफाई, कचरा संवेदनशील स्थानों (जीवीपी) और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एजेंसियों को टेंडर की शर्तों के अनुसार कर्मचारी, वाहन, मशीनरी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने होंगे। नई एजेंसियों को सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट, पार्किंग स्थल और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का काम बिना देरी शुरू हो सके। एजेंसियों को जीपीएस और आरएफआईडी से जुड़ी सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय में पूरी करनी होंगी।

संयुक्त आयुक्तों को अपने क्षेत्रों में यह जांचने के निर्देश दिए गए कि कितने वाहन नियमित रूप से चल रहे हैं और कितने घरों से प्रतिदिन कूड़ा उठाया जा रहा है। एजेंसियों को भुगतान वास्तविक कार्य और निर्धारित शर्तों के आधार पर ही किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर ब्लैकलिस्ट करने सहित नियमानुसार कार्रवाई होगी। संयुक्त आयुक्तों को वॉर्ड पार्षदों के साथ मिलकर कूड़ा संग्रहण वाहनों की जांच करने को भी कहा गया, ताकि निगरानी में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन और कार्यक्षमता की नियमित जांच, मुख्य सड़कों के साथ ग्रीन बेल्ट की सफाई, सभी सफाई कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति एसडब्ल्यूएम मॉनिटरिंग पोर्टल पर दर्ज करने तथा जीवीपी की समयबद्ध सफाई और जरूरत के अनुसार कवर करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव में भी सुधार के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल कागजों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त दिखाने से काम नहीं चलेगा। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और वरिष्ठ सफाई निरीक्षक उपस्थित थे।