हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में इनेलो विधायकों ने संविधान, नागरिक अधिकारों और सरकार की जवाबदेही पर अपनी बात रखी। रानियां से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने स्कूलों में संविधान की पढ़ाई अनिवार्य करने की मांग उठाई, जबकि डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल ने भाजपा सरकार पर अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया।
अर्जुन चौटाला ने विधानसभा में संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ बीआर नरसिंह राव के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में नई पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक करना चाहती है तो ऐसे कार्यक्रम स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में होने चाहिएं। उन्होंने सरकार से मांग की कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा में 'भारतीय संविधान' नाम से एक विषय या कम से कम एक अध्याय शुरू किया जाए, ताकि बच्चों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी मिल सके।
आदित्य देवीलाल ने कहा कि संविधान केवल सरकार चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकार, किसानों के सम्मान, मजदूरों की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में आम नागरिक सरकार से सवाल नहीं पूछ पा रहा है और इंटरनेट मीडिया पर सरकार से सवाल पूछने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों और सरकार की जवाबदेही भी संविधान की भावना का हिस्सा है।
