लोकप्रिय आयोजन 'संवादी' 27 और 28 नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में होगा। दो दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन पहले दिन सुबह 11:30 बजे होगा और कार्यक्रम में प्रवेश निश्शुल्क रहेगा। आयोजन में साहित्य, सिनेमा, कला, पत्रकारिता, राजनीति और सामाजिक सरोकार से जुड़े 12 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें देश की कई जानी-मानी हस्तियां अपने विचार और अनुभव साझा करेंगी। रजिस्ट्रेशन क्यू आर कोड से किया जा सकेगा।
उद्घाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी और राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल के साथ फीचर संपादक अनंत विजय संवाद करेंगे। पहले दिन अभिनेता पीयूष मिश्रा के साथ 'साहित्य सिनेमा में कलाकार की औकात' विषय पर पटकथा लेखक मनोज राजन त्रिपाठी बातचीत करेंगे। इसके अलावा 'साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं', 'अयोध्या और राजधर्म', 'साहित्य के नवांकुर' और 'ओटीटी और सिनेमा की राह' जैसे सत्र होंगे। पहले दिन का समापन शाम छह बजे से कवि गोष्ठी से होगा, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ गीतकार बुद्धिनाथ मिश्र करेंगे।
दूसरे दिन सुबह 11 बजे 'युवा लेखन के सपने' सत्र से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद 'पत्रकारिता और रीलबाजी', 'साहित्य में रामकथा' और अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ 'मिशन मनोरंजन' सत्र होंगे। दोपहर दो बजे 'राजनीति का उत्तम प्रदेश' सत्र में भाजपा के प्रवक्ता मनीष शुक्ला, कांग्रेस के प्रवक्ता अभय कुमार दुबे, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दीपक रंजन और एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली शामिल होंगे। इसके बाद 'इतिहास का लाल रंग' सत्र और अंतिम सत्र में अभिनेता विनीत कुमार सिंह 'विविधरंगी अभिनेता' विषय पर बात करेंगे।
