हैदराबाद पुलिस को रविवार को एक ईमेल मिला, जिसमें शहर में कई जगहों पर बम धमाके करने की धमकी दी गई थी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक यह ईमेल 21 नवंबर को शहर की पुलिस ईमेल आईडी पर भेजा गया था। ईमेल लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है, जिसमें काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा को संभावित टारगेट बताया गया है। मेल में मुंबई हमले जैसे आतंकी हमलों की चेतावनी देते हुए दावा किया गया है कि 300 लोगों की मौत होगी। हालांकि अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह ईमेल फर्जी प्रतीत होता है और इसकी जांच की जा रही है।
ईमेल में जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा कमांडर और मोस्ट-वांटेड आतंकवादी लतीफ भट्ट तथा उसके साथियों को मारने के बदले में हमलों की चेतावनी दी गई है। ईमेल में यह नहीं बताया गया कि धमाके कब होंगे।
शहर पुलिस ने एक बयान में कहा कि धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद तत्काल एहतियाती सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए गए हैं। संदिग्ध स्थानों पर विस्फोटक रोधी जांच की गई है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्पेशल ब्रांच पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों को शहर भर में रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों, होटलों, पूजा की जगहों, भीड़भाड़ वाली पब्लिक जगहों और जरूरी सरकारी जगहों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है और नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
