अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में इंटरनेशनल लीग टी20 का रोमांचक मुकाबला एमआई एमरिट्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच खेला गया, जिसे एमआई एमरिट्स ने सुपर ओवर में अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए एमआई एमरिट्स ने 4 विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में आखिरी दो गेंदों पर वाइपर्स को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। खुजैमा तनवीर ने छक्का और चौका मारकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया।
सुपर ओवर में डेजर्ट वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी की और क्रिस जॉर्डन के खिलाफ सिर्फ 7 रन ही बना पाए। जवाब में एमआई के लिए कीरोन पोलार्ड और शेरफेन रदरफोर्ड बैटिंग करने आए। खुजैमा तनवीर ने पहली 5 गेंदों पर सिर्फ तीन रन दिए और रदरफोर्ड का विकेट भी लिया। आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन क्रीज पर उतरे, जब टीम को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे। उन्होंने डीप मिडविकेट पर छक्का मारकर एमआई एमरिट्स को जीत दिला दी।
एमआई एमरिट्स के लिए सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा और निकोलस पूरन ने अर्धशतक ठोके। परेरा ने 45 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए, जबकि पूरन ने 57 गेंदों पर 3 चौके और 8 छक्कों के साथ 89 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 62 गेंद पर 103 रनों की साझेदारी हुई। इसके अलावा टीम का कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
शादाब खान की कप्तानी वाली डेजर्ट वाइपर्स की शुरुआत धीमी रही और बाबर आजम 13 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। फखर जमान ने 29 गेंदों पर 42 रनों की तेज पारी खेली, जबकि एंड्रिस गौस ने 35 और शिमरोन हेटमायर ने 25 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे, लेकिन खुजैमा और मुजीर उर रहमान ने जहूर खान के खिलाफ 19 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया। एमआई के लिए राशिद खान और क्रिस जॉर्डन ने 3-3 विकेट लिए।
