दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के ग्रुप-बी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ पाकिस्तान टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 49.2 ओवरों में 313 रन पर समेट दिया था। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने 79, माज सदाकत ने 59 और फरहान यूसुफ ने 56 रन बनाए। भारत के लिए हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए, जबकि आयुष बडोनी को एक सफलता मिली।

314 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए और आयुष बडोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जिससे टीम ने 26 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। अभिषेक ने 42 गेंदों में छह चौकों और छह छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद कुमार कुशाग्र (2), रिंकू सिंह (6) और सूर्यांश शेडगे (3) जल्दी आउट हो गए और भारत का स्कोर 129/6 हो गया।

इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाहबाज अहमद ने सातवें विकेट के लिए 108 गेंदों में 112 रन की साझेदारी निभाई। अली रेजा ने शाहबाज को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। शाहबाज ने 49 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। इसके बाद अली रेजा ने विप्रज निगम को क्लीन बोल्ड किया और अगले ही ओवर में हर्षित राणा भी आउट हो गए। तिलक वर्मा 100 रन बनाकर आउट हुए, जिनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। भारतीय टीम 265 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज और अली रेजा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद इमरान रंधावा को दो सफलता मिलीं। भारत की ओर से तिलक वर्मा के अलावा शाहबाज अहमद और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक लगाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।