क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे और निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया बैकफुट पर है। दूसरे दिन स्टंप तक शुभमन गिल की टीम ने 116 रन बनाने में 6 विकेट खो दिए हैं। इससे पहले दिन के दूसरे सेशन में न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रनों पर सिमट गई थी। मेजबान टीम पहली पारी के आधार पर अभी भी 240 रनों से आगे है।

भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल को मैट हेनरी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने 33 रन जोड़े। पडिक्कल 20 गेंदों पर 21 रन बनाकर काइल जेमिसन की गेंद पर आउट हुए। कप्तान शुभमन गिल भी कुछ खास नहीं कर सके और टी ब्रेक से पहले आखिरी ओवर में जेमिसन के ही शिकार बने। गिल ने 17 रन बनाए।

ऋषभ पंत ने 23 रन बनाए और जैकब डफी के खिलाफ छक्का मारा, लेकिन एक और छक्के की कोशिश में आउट हो गए। केएल राहुल 80 गेंदों पर 25 रन बनाकर डफी का शिकार बने। 104 के स्कोर पर भारत का पांचवां विकेट गिरा। स्टंप से पहले आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर 60 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव जुरेल 45 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने छठे विकेट के लिए 91 गेंदों पर 12 रन जोड़े। काइल जेमिसन और जैकब डफी ने 2-2 जबकि मैट हेनरी और नाथन स्मिथ ने 1-1 विकेट झटके हैं।

न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 246 रन से आगे खेलना शुरू किया। दिन के दूसरे ही ओवर में ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बने। टॉम ब्लंडेल ने नाथन स्मिथ के साथ सातवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। स्मिथ 26 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर आउट हुए। ब्लंडेल 211 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। काइल जेमिसन ने 19 रनों का योगदान दिया तो मैट हेनरी भी 19 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। भारत की ओर से आकाश दीप ने 31.1 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए। डेब्यूटेंट गुरनूर बरार ने 78 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि अंशुल कंबोज भी 2 विकेट निकालने में सफल रहे। वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट चटकाया जबकि जसप्रीत बुमराह 26 ओवर डालने के बाद भी खाली हाथ रहे।