नई दिल्ली: महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने शुक्रवार को मलेशिया को 6-2 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। एशियाई खेलों की चैंपियन भारतीय टीम ने इस मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर से दागे। दीपिका ने दो गोल किए।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। 10वें मिनट में मुमताज खान ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। 18वें मिनट में नवनीत कौर ने मैदानी गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी।
25वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 3-0 किया। दो मिनट बाद नूर अजहर ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए मलेशिया का पहला गोल किया, लेकिन 30वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर निशाना साधा और मध्यांतर तक भारत 4-1 से आगे रहा।
दूसरे हाफ में 33वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-1 किया। 52वें मिनट में नूरामीरा जुल्किफली ने मलेशिया के लिए मैदानी गोल किया, जबकि 57वें मिनट में इशिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत की 6-2 की जीत तय की। दूसरे सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा।
