लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में शुक्रवार को 10 दिवसीय राज्य स्तरीय 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने इसका उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवम्बर से 06 दिसम्बर 2026 तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर तथा बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर उपस्थित रहे।

"धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति" की थीम पर आधारित इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खादी एवं ग्रामोद्योग उद्यमियों तथा शिल्पकारों के कुल 150 स्टॉल लगाए गए हैं। मंत्री राकेश सचान ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज की खादी 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की विश्वसनीयता के साथ आधुनिक और डिजाइनर परिधानों के रूप में युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है।

उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का सशक्त विचार है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता और स्वावलंबन की लड़ाई में खादी को सबसे बड़ा माध्यम बनाया था, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' तथा 'आत्मनिर्भर भारत' के आह्वान से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान और नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को खादी अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे लाखों बुनकर परिवारों को सीधा संबल मिल रहा है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विगत 5 वर्षों में 'मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना' और 'प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम' के अंतर्गत 2544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, जिससे प्रदेश भर में 24799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2,79,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। उन्होंने बताया कि सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के 27,508 स्टॉलों के माध्यम से उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है।

मंत्री ने विवाह तथा अन्य मांगलिक आयोजनों में खादी के परिधानों को अपनाने का आह्वान किया और बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र खोले जा रहे हैं। गांधी जयंती (02 अक्टूबर) से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। कार्यक्रम में मंत्री ने जनसमूह को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराने तथा युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का संकल्प दिलाया। उन्होंने लखनऊ के निवासियों से महोत्सव में आकर कम से कम एक खादी वस्त्र की खरीदारी करने का आग्रह किया।