ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने चिह्नित हॉटस्पॉट पर नियमित सफाई, सड़कों की धुलाई और धूल नियंत्रण के उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। 27 नवंबर को हुई समीक्षा बैठक में अगले दो महीने तक विशेष अभियान चलाने और उसकी नियमित निगरानी का निर्णय लिया गया। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नूपुर गोयल भी मौजूद रहीं।

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेटर नोएडा में 11 हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं, जिनमें गौड़ चौक अंडरपास, मकौड़ा गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर से 130 मीटर रोड और सीआरपीएफ कैंप से फेज-दो नोएडा रोड आदि शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सड़क की धूल, टूटी सड़कें और निर्माण कार्य प्रदूषण के प्रमुख कारण बताए गए हैं। सभी चिह्नित स्थानों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें नियमित निरीक्षण और कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राधिकरण के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण के लिए 21 टीमें गठित की गई हैं। धूल प्रभावित सड़कों और स्थानों पर 107 वाटर टैंकर तथा 32 ट्रक और एंटी स्मॉग गन के जरिए पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। सड़कों की नियमित सफाई के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं और इनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई कार्य की निगरानी के लिए पहले और बाद की तस्वीरों का रिकॉर्ड भी मांगा गया है।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में प्रदूषण और ग्रेप नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 लोगों पर कुल 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख रुपये और आरएमसी प्लांट के 48 मामलों में 4.65 करोड़ रुपये का जुर्माना शामिल है। कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख रुपये और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सीईओ ने जुर्माने की वसूली सुनिश्चित करने और भुगतान न करने वालों के खिलाफ आरसी जारी करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन स्थलों पर 247 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं और शहर में कूड़ा जमा होने वाले 56 जीवीपी स्थल चिह्नित किए गए हैं।