छत्तीसगढ़ के धमतरी में ईडी की टीम ने शुक्रवार सुबह अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह देवहारी के बंगले पर छापेमारी की। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी है, हालांकि ईडी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुबह करीब 6 बजे दो गाड़ियों में शासनिक कॉलोनी स्थित बंगला नंबर E-3 पहुंची। टीम में वर्दीधारी जवानों समेत 10 सदस्य शामिल थे और बंगले के बाहर सुरक्षा बल तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान किसी को अंदर आने-जाने नहीं दिया गया और टीम ने दरवाजा बंद कर जांच की। यह कार्रवाई करीब 10 घंटे तक चली।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किए गए और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई। ईडी की टीम ने इंदिरा सिंह देवहारी के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर से भी पूछताछ की। नवीन प्रताप सिंह तोमर पहले डेप्युटी कमिश्नर रह चुके हैं और बताया जाता है कि उनका नाम छत्तीसगढ़ आबकारी घोटाले के आरोपियों में शामिल है।
ईडी की ओर से छापेमारी और जब्त सामान को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, न ही यह स्पष्ट किया गया है कि कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच ईडी कर रही है। यह घोटाला उस समय सामने आया था जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे।
