लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने ठंड के मौसम में निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को राहत देने के लिए 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक प्रदेश के 18 महानगरों में निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे संचालित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 'डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना' के अंतर्गत यह व्यवस्था की जा रही है। इनमें लखनऊ, कानपुर नगर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, झांसी, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर और शाहजहांपुर शामिल हैं। श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने सभी 18 जिलों के जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है, ताकि किसी भी श्रमिक को खुले आसमान के नीचे रात न गुजारनी पड़े।

योजना के नियम सरल रखे गए हैं, ताकि रजिस्ट्रेशन न होने पर भी कोई जरूरतमंद मजदूर वंचित न रहे। राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लम्बर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल्स कारीगर सहित भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े सभी श्रमिक पात्र होंगे। बिना पंजीयन वाला श्रमिक भी वैध पहचान पत्र दिखाकर निशुल्क रात्रि विश्राम की सुविधा ले सकेगा और केंद्र पर ही उसके तत्काल पंजीयन की व्यवस्था रहेगी। जिलाधिकारियों को रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख श्रमिक मंडियों और बड़े निर्माण स्थलों के पास 30 या 60 बेड क्षमता वाले लेबर अड्डे स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां महिला और पुरुष श्रमिकों के ठहरने की अलग-अलग और सुरक्षित व्यवस्था हो।

इन केंद्रों में ठहरने वाले श्रमिकों को गद्दा, चादर, तकिया, पर्याप्त कंबल, 24 घंटे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानागार और सुरक्षित हीटिंग की सुविधा के साथ रात्रि के समय निशुल्क ताजा व पौष्टिक भोजन दिया जाएगा, जिसके लिए प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये की लागत तय की गई है। संचालन के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के उपकर कोष से प्रत्येक चयनित जिले को 10 लाख रुपये का अग्रिम बजट जारी किया गया है। वित्तीय मानकों के तहत दो माह के लिए 30 बेड वाले केंद्र हेतु 5.92 लाख रुपये तथा 60 बेड वाले केंद्र हेतु 8.32 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। पारदर्शिता के लिए दैनिक उपस्थिति रजिस्टर के साथ जियो-टैग फोटो से सत्यापन किया जाएगा और केंद्र के बाहर केयरटेकर व नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे।