खराब मौसम के कारण शनिवार को अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट को गया एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान में कुल 165 यात्री सवार थे। रांची में मौसम अनुकूल न होने के कारण विमान वहां नहीं उतर सका, जिसके बाद गया एयरपोर्ट को वैकल्पिक लैंडिंग स्थल बनाया गया।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6493 शनिवार को अहमदाबाद से रांची के लिए रवाना हुई थी। विमान को दोपहर करीब 13:44 बजे गया जी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

अचानक हुए इस बदलाव से सभी 165 यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हुई। गया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद आठ यात्रियों ने उसी विमान से वापस अहमदाबाद जाने का निर्णय लिया। इसके बाद विमान ने फ्लाइट संख्या 6ई-9102 के रूप में दोपहर करीब 15:37 बजे गया से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी।

शेष 157 यात्रियों ने अपनी सहमति से गया जी एयरपोर्ट पर उतरने का फैसला किया। इस तरह खराब मौसम के कारण अहमदाबाद से रांची जा रहे विमान की यात्रा बीच रास्ते में ही बदल गई और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए आगे की यात्रा की व्यवस्था करनी पड़ी।