इंदौर के कालानी नगर में पिता और बहन की हत्या के आरोपी हर्ष यादव को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए सिख युवक का वेश बदलकर पगड़ी पहनकर छिपा हुआ था।
एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर में हुए इस दोहरे हत्याकांड में हर्ष पर अपने पिता राजू यादव और बहन हर्षिता की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी करीब एक सप्ताह तक पुलिस को चकमा देता रहा और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा, जिससे उसकी तलाश में परेशानी हो रही थी। पहचान छिपाने के लिए उसने सिख युवक का भेष धारण कर लिया था और पगड़ी बांधकर घूम रहा था।
जांच के अनुसार, हर्ष ने कथित तौर पर पहले अपने पिता राजू यादव की हत्या की और शव को ठिकाने लगा दिया। इसके बाद उसने अपनी बहन हर्षिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। कालानी नगर में पिता-पुत्री की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस को हर्ष पर दोनों वारदातों को अंजाम देने का संदेह था। आखिरकार पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर दिल्ली में दबिश दी और उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पिता और बहन की हत्या के पीछे की वजह, वारदात की पूरी घटनाक्रम और शव ठिकाने लगाने से जुड़े पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को पूछताछ में हत्याकांड की कई अहम कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
