सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने भारत में अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव किया है। कंपनी के मुताबिक, अब यूजर्स को अश्लील और हिंसक पोस्ट कम दिखाई देंगी। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के नए और बेहतर मॉडल इस्तेमाल किए गए हैं, जो आपत्तिजनक कंटेंट की पहचान कर उसे यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही रिकमेंडेशन से हटा देंगे। नए सिस्टम के तहत AI मॉडल यूजर्स की शिकायत के बिना भी पोस्ट की जांच करेंगे। यह बदलाव रील्स, एक्सप्लोर और फीड में दिखने वाले उन पोस्ट पर लागू होगा, जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते।

10 अक्टूबर को सरकार ने Meta को एडवाइजरी जारी कर इंस्टाग्राम-फेसबुक के रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम का रिव्यू करने को कहा था। Meta का कहना है कि वह यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर अपने AI सिस्टम को लगातार बेहतर बनाएगा।

इंस्टाग्राम पर यूजर्स खुद भी कंटेंट कंट्रोल कर सकेंगे। नॉट इंटरेस्टेड विकल्प से पसंद नहीं आने वाली पोस्ट कम की जा सकती हैं। सेंसेटिव कंटेंट कंट्रोल से संवेदनशील सामग्री को सीमित किया जा सकता है और हिडन वर्ड्स से आपत्तिजनक शब्दों और कमेंट्स को फिल्टर किया जा सकता है। किशोरों के लिए इंस्टाग्राम ने टीन अकाउंट्स की सुविधा दी है, जिसमें 13+ कंटेंट सेटिंग के तहत उम्र के हिसाब से पोस्ट दिखाए जाते हैं और अतिरिक्त सुरक्षा नियम लागू रहते हैं।

इससे पहले 4 जुलाई को सरकार ने इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों को लेकर पैरेंट कंपनी Meta को नोटिस भेजा था और 7 दिन में जवाब मांगा था। IT मिनिस्ट्री ने ऐसे सभी विज्ञापनों को तुरंत ब्लॉक करने और हटाने के निर्देश दिए थे। बीबीसी ने अपनी इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में बताया था कि इंस्टाग्राम भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापन दिखा रहा है। इससे पहले 1 जुलाई को सरकार ने WhatsApp के यूजरनेम फीचर पर Meta को नोटिस जारी किया था।