कर्नाटक के मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब मंगलूरू से बंगलूरू जा रही एक फ्लाइट को टेकऑफ के दौरान रोकना पड़ा। हवाई अड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, यह घटना 16 नवंबर को शाम करीब 6:05 बजे हुई। टेकऑफ रोकने के समय विमान जमीन पर ही था और हवा में नहीं उठा था। इसके बाद विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित वापस पार्किंग बे में लाया गया।

पार्किंग बे में एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने विमान की तकनीकी जांच की। जांच के बाद विमान को 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (एओजी) घोषित कर दिया गया, यानी तकनीकी खराबी दूर होने तक विमान उड़ान भरने के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके बाद सभी 229 यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि ब्रेक लगाने के बाद भी विमान का कुछ दूरी तक आगे बढ़ना ब्रेक लगाने के दौरान पैदा होने वाली स्वाभाविक गति के कारण था। घटना के बाद हवाई अड्डे और एयरलाइन के कर्मचारी यात्रियों की मदद के लिए मौजूद रहे।

एयरलाइन ने फंसे हुए यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा पर भेजने के लिए बंगलूरू से एक विशेष विमान की व्यवस्था की। यह विमान 17 नवंबर की रात 12:10 बजे मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ। हालांकि, मूल विमान में सवार 229 यात्रियों में से केवल 34 ने इस राहत विमान से यात्रा की। हवाई अड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, तकनीकी खराबी वाले विमान में एक न्यायाधीश, एक विधायक के परिवार के सदस्य और बीजेपी के एक प्रमुख नेता भी सवार थे। विमान के विंग से चिंगारी निकलने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इसी दिन बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6526 को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा। मदुरै जाने वाली यह फ्लाइट सुबह 7:20 बजे उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ की अनुमति मिलने के बाद विमान रनवे पर रफ्तार पकड़ रहा था, तभी चालक दल को तकनीकी खराबी का पता चला और पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। केबिन क्रू ने यात्रियों को सिर नीचे करके सुरक्षित स्थिति में बैठने का निर्देश दिया। विमान करीब 30 मिनट तक रनवे पर खड़ा रहा, इसके बाद यात्रियों को उतारकर टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया और सुबह 9:20 बजे की फ्लाइट से भेजा गया। इससे पहले 6 सितंबर को 270 यात्रियों को लेकर लंदन जा रही वर्जिन अटलांटिक की एक फ्लाइट को भी टेकऑफ के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह जानकारी हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी बंगलूरू इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) ने दी थी।