विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की। जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर इस बातचीत की जानकारी दी और इसे अच्छी बताया। उन्होंने कहा कि लावरोव के साथ हालिया घटनाक्रम पर फोन पर चर्चा हुई। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन मुद्दों पर विस्तार से बात हुई और किसी नई कूटनीतिक पहल पर सहमति बनी या नहीं। भारतीय विदेश मंत्रालय या दोनों नेताओं की ओर से चर्चा के एजेंडे को लेकर कोई खास जानकारी साझा नहीं की गई है।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म करने के लिए अलग-अलग स्तरों पर कूटनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं। जयशंकर और लावरोव के बीच इससे पहले 9 नवंबर को भी बातचीत हुई थी। उस दौरान दोनों विदेश मंत्रियों ने यूक्रेन युद्ध और इसे खत्म करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की थी, लेकिन किसी खास समझौते या नई पहल की घोषणा नहीं की गई थी। ताजा बातचीत को इसी कूटनीतिक संपर्क की एक कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत लगातार इस संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने पर जोर देता रहा है। भारत का रुख रहा है कि युद्ध का समाधान सैन्य कार्रवाई के बजाय बातचीत और आपसी सहमति से निकाला जाना चाहिए। इस दौरान भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अपने राजनयिक संबंध बनाए रखे हैं और कई मौकों पर साफ किया है कि वह इस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति से ही संभव है। भारत का मानना है कि संघर्ष को खत्म करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बातचीत जरूरी है। साथ ही युद्ध के कारण आम लोगों को हो रही परेशानियों, मानवीय जरूरतों और वैश्विक व्यापार व आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहे असर को भी ध्यान में रखना होगा। भारत ने संघर्ष के कारण पैदा हुए मानवीय संकट और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति मार्गों पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई है।
