पाकिस्तान अपने इतिहास के पहले अंतरिक्ष यात्री को चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर भेजने की अंतिम तैयारी में है। यह पहली बार होगा जब चीन किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को अपने स्पेस स्टेशन पर ले जाएगा। पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री पेलोड स्पेशलिस्ट के रूप में उड़ान भरेगा और स्टेशन पर सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। इस मिशन के साथ वह अंतरिक्ष की कक्षा में जाने वाला पहला पाकिस्तानी नागरिक बन जाएगा।
अमेरिकी स्पेस उद्यमी और हैब स्पेस स्टेशन के संस्थापक जॉर्ज वेनमैन ने बात करते हुए कहा कि इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने के अवसर अभी भी बहुत सीमित हैं और ज्यादा से ज्यादा देश मानव अंतरिक्ष उड़ान में हिस्सा लेना चाहते हैं। उनके अनुसार, यह मिशन चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की बढ़ती परिपक्वता और दुनिया भर के देशों की अंतरिक्ष अन्वेषण में भाग लेने की बढ़ती इच्छा दोनों को दर्शाता है। वेनमैन ने कहा कि बीजिंग का यह फैसला अचानक नहीं आया, वह कई सालों से संकेत दे रहा था कि अपने स्पेस स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मंच बनाना चाहता है। उन्होंने इसे भू-राजनीतिक संदेश भी बताया।
वेनमैन फिलहाल नई दिल्ली में इंडियन स्पेस एसोसिएशन (IsPA) द्वारा आयोजित इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026 में हिस्सा लेने आए हैं। उन्होंने माना कि चीनी स्टेशन भविष्य की रिसर्च के लिए एक गंभीर और सक्षम प्लेटफॉर्म बन चुका है और इसका डिजाइन बहुत अच्छा और कॉम्पैक्ट है। इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के लगभग तीन दशक कक्षा में रहने के बाद अगले कुछ सालों में हटाए जाने की संभावना के बीच तियांगोंग स्टेशन पर दुनिया का ध्यान बढ़ रहा है। वेनमैन ने कहा कि नासा की रणनीति में प्राइवेट कंपनियों को लो अर्थ ऑर्बिट में स्टेशन बनाने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है, जिनका इस्तेमाल नासा ग्राहक के रूप में करेगा।
वेनमैन का तर्क है कि जब ज्यादा देशों को अंतरिक्ष का सीधा अनुभव मिलता है तो पूरी मानवता को फायदा होता है। उन्होंने 'ओवरव्यू इफेक्ट' का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरिक्ष यात्री यह अनुभव अपनी आबादी तक वापस ले जाता है और अंतरिक्ष से सीमाएं नहीं दिखतीं। उन्होंने माइक्रोग्रैविटी में किए गए प्रयोगों के व्यावहारिक फायदों पर भी जोर दिया और कहा कि इन मौकों तक पहुंच बढ़ने से दुनिया भर की वैज्ञानिक क्षमता मजबूत होगी।
