देहरादून के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में परंपरागत बूढ़ी दिवाली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिलगांव खत के ऐठान गांव में 26 साल बाद यह लोक उत्सव 6 से 10 दिसंबर तक मनाया जाएगा। स्थानीय लोग खेती का काम निपटने के बाद इको फ्रेंडली पहाड़ी दिवाली के रूप में यह पर्व मनाते हैं।
जौनसार बावर की 30 खतों से जुड़े करीब दो सौ गांवों में बूढ़ी दिवाली की तैयारी चल रही है। ऐठान गांव में शिरगुल महाराज की प्रवास यात्रा के बाद यह आयोजन हो रहा है। बताया गया है कि जून में देवता बरवांश पूजा-अर्चना के लिए प्रवास यात्रा पर विराजमान हुए थे, जिसकी खुशी में खतवासी ढाई दशक बाद यह उत्सव मना रहे हैं। क्षेत्र की नौ खतों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में एक माह पहले नई दिवाली मनाई जा चुकी है।
लोक उत्सव के पहले दिन लोग ढोल बाजे के साथ छोटी दिवाली मनाएंगे। औंसा रात को बड़ी दिवाली में आसपास के गांवों के लोग सामूहिक रूप से मशालें लेकर होलियात निकालते हैं। पर्व के दौरान बिरुडी और जंदोई मेले में पंचायती आंगन लोकनृत्य से गुलजार रहेंगे। पुरुष और महिलाएं अलग-अलग टोलियों में हारुल और तांदी नृत्य से देवता की स्तुति करते हैं। पहले दिन नैंदरी होलियात, दूसरे दिन बड़ी होलियात, तीसरे दिन बिरुडी और चौथे दिन जंदोई मेले में काठ का हाथी व हिरण नृत्य के साथ उत्सव का समापन होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बूढ़ी दिवाली का सांस्कृतिक महत्व है। खेती-बागवानी से जुड़े लोग शीतकाल में ऊंचे इलाकों में बर्फ पड़ने से पहले काम निपटने पर चार से पांच दिनों तक यह पर्व मनाते हैं। रात में भोजन के बाद चीड़ और बिमल लकड़ी की मशालें जलाकर ढोल बाजे के साथ मंदिर परिसर और पंचायती आंगन में होलियात निकाली जाती है। संयुक्त परिवार की परंपरा से जुड़े लोग इस अवसर पर छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आते हैं। इस उत्सव से नई पीढ़ी को पुरातन संस्कृति को जानने और समझने का अवसर मिलता है।
