पुणे के येवलेवाड़ी इलाके में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार टेंपो बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को टक्कर मारते हुए घुस गया। इस हादसे में ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च के तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह घटना कॉलेज के मुख्य गेट के पास हुई, जहां छात्र बस का इंतजार कर रहे थे।

कोंढवा बुद्रुक-येवलेवाड़ी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मारुति पाटिल ने बताया कि बोपदेव घाट से ढलान पर आ रहा टेंपो आगे चल रही एक कार से टकरा गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो बस स्टॉप पर इंतजार कर रहे छात्रों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया।

हादसे में पांच छात्र घायल हुए थे, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां तीन छात्रों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सिद्धेश राजे, विशाल डांगडे और मोहिनी चौधरी के रूप में हुई है, जबकि घायल छात्रों के नाम श्वेता तलेकर और सोहम घंगाले हैं। पाटिल ने बताया कि राजे और डांगडे कंप्यूटर साइंस के तीसरे वर्ष के छात्र थे, जबकि मोहिनी चौधरी मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन (एमसीए) की पढ़ाई कर रही थीं। हादसे के बाद कॉलेज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने टेंपो चालक प्रतीक मारुति चव्हाण (22) को हिरासत में ले लिया है और उसे चिकित्सकीय जांच के लिए ससून अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था।