देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के सामने कुछ ही दिन पहले झारखंड हाईकोर्ट से जुड़ा एक दुर्लभ मामला सामने आया। झारखंड हाईकोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनाक ने उसी हाईकोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के खिलाफ शिकायत की थी और उनकी ईमानदारी पर सवाल उठाए थे। इसके बाद सीजेआई सूर्यकांत ने इन शिकायतों की जांच का आदेश दिया है। जस्टिस सोनाक को 9 जनवरी को मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद हाईकोर्ट की कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने का श्रेय दिया जाता है। वे 27 नवंबर को झारखंड हाईकोर्ट से रिटायर हुए, जिसके बाद 28 नवंबर से सुजीत नारायण प्रसाद को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
सीजेआई कार्यालय को अक्सर विभिन्न हाईकोर्ट के मौजूदा जजों के खिलाफ शिकायतें मिलती रहती हैं, जिनमें आमतौर पर वादी या नाराज वकील शामिल होते हैं। लेकिन जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के मामले में कई शिकायतकर्ताओं ने अपने आरोपों के समर्थन में कुछ दस्तावेज सबूत के तौर पर भी दिए हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में झारखंड सरकार के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जज के खिलाफ शिकायतें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक भी पहुंची थीं। उन्होंने हाल ही में सीजेआई सूर्यकांत से इन चिंताओं पर गौर करने का अनुरोध किया था।
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को 26 सितंबर 2014 को झारखंड हाईकोर्ट में नियुक्त किया गया था। छह महीने बाद उनका तबादला ओडिशा हाईकोर्ट कर दिया गया और 22 नवंबर 2018 को उन्हें वापस झारखंड हाईकोर्ट भेज दिया गया। अगर उन्हें सुप्रीम कोर्ट में प्रमोट नहीं किया जाता है तो वे 19 जून 2029 को हाईकोर्ट के जज के पद से रिटायर होंगे।
