अप्रैल में परिसीमन विधेयक पास कराने में सफलता न मिलने के बाद सरकार इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। इसीलिए बीजेपी दो तिहाई बहुमत जुटाने में लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सभी राज्यों में 50 फीसदी लोकसभा सीटें बढ़ाने और इसे 25 साल के लिए लॉक करने का प्रस्ताव पास किया गया है। बताया जाता है कि यह प्रस्ताव डीएमके और एनसीपी (SP) की शर्तों से मेल भी खाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2023 में नई संसद भवन का उद्घाटन किया था। इसमें लोकसभा में 888 सीटें हैं, जबकि परिसीमन के बाद कुल लोकसभा सीटों की संख्या 816 तक पहुंच सकती है। परिसीमन लागू होने के बाद भी लोकसभा में 72 सीटें खाली रहेंगी।
30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जबकि राज्यसभा का विशेष सत्र 2 और 3 दिसंबर को होगा। सरकार इन चार दिनों में दोनों सदनों में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक पास कराने का पूरा प्रयास करेगी। इसके बाद लोकसभा सदस्यों की सीमा 850 हो जाएगी, जो अभी 550 है।
पुराने संसद भवन का निर्माण अंग्रेजों के शासनकाल में 1927 में किया गया था। आजादी के बाद जब इस इमारत को संसद भवन बनाया गया, तो इसकी लोकसभा में कुल 552 सदस्यों के बैठने की जगह थी। आजादी के बाद से देश की आबादी तिगुनी हो गई, लेकिन पुरानी लोकसभा में एक भी सीट बढ़ाने की गुंजाइश नहीं थी। पुराने सेंट्रल हॉल में केवल 436 लोगों के बैठने की जगह थी, ऐसे में दोनों सदनों के सांसदों के बैठने की जगह ही नहीं बचती थी और अलग से कुर्सियां लगानी पड़ती थीं।
नई संसद के लोकसभा हॉल में 888 सीटें हैं, जिन्हें 1272 तक बढ़ाया जा सकता है, जबकि राज्यसभा में 384 सीटें हैं। सभी डेस्क पर डिजिटल वोटिंग सिस्टम लगाया गया है। महिला आरक्षण विधेयक पास होने के बाद 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
दक्षिण के राज्यों को आशंका थी कि परिसीमन के बाद उनके राज्यों में सीटें कम न हो जाएं, क्योंकि इन राज्यों में जनसंख्या कम है। हालांकि विधेयक में सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है और इसके बाद इस सीमा को 2051 तक के लिए लॉक कर दिया जाएगा। 2051 के बाद भी अगर कुछ सीटें बढ़ती हैं, तो इसकी व्यवस्था आसानी से की जा सकती है। ऐसे में यह संसद भवन कम से कम 100 सालों के प्लान के साथ बनाया गया है।
