परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र की एनडीए सरकार और विपक्षी INDIA गठबंधन दोनों ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) प्रमुख नवीन पटनायक से समर्थन हासिल करने की कोशिश शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के सीनियर नेता जयराम रमेश ने बीजेडी के राज्यसभा सांसद मानस मंगराज से फोन पर बात की और उन्हें शनिवार को दिल्ली में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने का आग्रह किया। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी मानस मंगराज से संपर्क कर प्रस्तावित परिसीमन बिल पर बीजेडी का समर्थन मांगा है। ऐसे में इस विधेयक को लेकर नवीन पटनायक की पार्टी का रुख काफी अहम हो गया है।

बीजेडी के एक सीनियर नेता के मुताबिक, पार्टी इस मामले में नवीन पटनायक की ओर से सभी सांसदों को भेजे गए पत्र में उठाई गई चिंताओं पर विचार करने के बाद ही अपना फैसला करेगी। पार्टी का समर्थन इस बात पर निर्भर करेगा कि उसकी मांगों पर कितना ध्यान दिया जाता है और ओडिशा के हितों की रक्षा सुनिश्चित होती है या नहीं। नेता ने साफ किया कि इस मामले में अंतिम फैसला नवीन पटनायक ही लेंगे। BJD की फिलहाल लोकसभा में कोई सीट नहीं है, जबकि राज्यसभा में उसके 5 सांसद हैं। यही वजह है कि संसद में संख्या बल जुटाने की कोशिश कर रहे दोनों राजनीतिक खेमे बीजेडी को अपने साथ लाना चाहते हैं।

बीजेडी के सांसद संतृप्त मिश्रा ने भी शुक्रवार को परिसीमन को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि बीजेडी हमेशा से महिला आरक्षण के समर्थन में रही है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने के पीछे का मकसद समझ नहीं आ रहा है। संतृप्त मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, मौजूदा सदन में ही महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार की तैयारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि बीजेपी सरकार ने विधेयक को पारित कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है और इसके समर्थन में जरूरी लोगों को भी साथ लाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों के साथ बातचीत करनी चाहिए थी।

संतृप्त मिश्रा ने कहा कि बीजेडी परिसीमन का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन उसकी शर्त है कि संसद में ओडिशा की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद में राज्य को जितने अनुपात में प्रतिनिधित्व मिला हुआ है, परिसीमन के बाद भी उसका वही अनुपात बरकरार रहना चाहिए। पार्टी उपाध्यक्ष प्रसन्न आचार्य ने भी गुरुवार को कहा था कि बीजेडी ने अभी तक विधेयक पर अपना अंतिम रुख तय नहीं किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार विपक्षी दलों की आपत्तियों पर ध्यान देगी। दरअसल, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जो 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा हिस्सा 30 नवंबर से शुरू होगा। राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से दोबारा बुलाने की तैयारी है।