उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को बदल दिया गया है और उनकी जगह मोहित अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोहित अग्रवाल वाराणसी पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्यरत थे। उन्हें आईआईएम मुंबई की ओर से लोकसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित एलुमनी अवार्ड से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें इसके लिए बधाई दी थी।

मोहित अग्रवाल भारतीय पुलिस सेवा के 1997 बैच के अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पीजी डिप्लोमा किया है। यह संस्थान बाद में आईआईएम मुंबई बना और अग्रवाल इसी के पूर्व छात्र हैं। वे 15 जिलों में पुलिस प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं और उन्हें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अपराध अनुसंधान तथा जन प्रशासन का व्यापक अनुभव है। वर्ष 2005-2006 में उन्होंने एक वर्ष तक संयुक्त राष्ट्र में सेवाएं दीं।

वर्ष 2023-2024 में उन्होंने उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड के प्रमुख के रूप में कार्य किया। उनके नेतृत्व में एटीएस ने उत्तर प्रदेश में आईएसआईएस से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। कुंभ मेले 2013 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रयागराज के रूप में और कुंभ मेला 2019 में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन में भूमिका निभाई। कानपुर मंडल के पुलिस महानिरीक्षक रहते हुए उन्होंने फर्रुखाबाद में ऑपरेशन मासूम का नेतृत्व किया, जिसमें एक अपराधी ने 23 बच्चों को बंधक बनाया था। पुलिस कार्रवाई में सभी बच्चों को सकुशल मुक्त कराया गया और इसके लिए उन्हें राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक प्रदान किया गया। कानपुर के विकास दुबे-बिकरू कांड से जुड़े दो अपराधियों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई में भी उनकी भूमिका रही।

प्रयागराज कमिश्नर के तौर पर मोहित अग्रवाल के सामने माघ मेला 2027 के आयोजन और विधानसभा चुनाव 2027 के संचालन की बड़ी चुनौती होगी। साथ ही माफिया अतीक अहमद के गैंग की गतिविधियों पर नजर रखने और उमेश पाल मर्डर केस के दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की चुनौती भी उनके सामने है।