परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की तैयारियों के बीच यूट्यूबर ध्रुव राठी ने बड़ा दावा किया है। राठी ने एक्स पर एक पोस्ट में परिसीमन को फ्रॉड बताया है। उन्होंने उदाहरण देकर समझाया है कि परिसीमन बिल पास होने के बाद मोदी सरकार क्या कर सकती है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने के लिए सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसमें लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है।
अपनी पोस्ट में ध्रुव राठी ने हरियाणा का उदाहरण दिया है। उन्होंने लिखा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को 47.61 फीसदी वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 46.1 फीसदी वोट मिले थे। दोनों ने पांच-पांच सीटें जीती थीं। राठी के मुताबिक, अब भाजपा अपने ज्ञानेश कुमार जैसे लोगों को विधानसभाओं की सीमाएं तय करने का काम देगी। ये लोग अंबाला और हिसार जैसे विपक्षी झुकाव वाले इलाकों को तोड़कर उन्हें करनाल जैसे भाजपा की मजबूत पकड़ वाले क्षेत्रों के साथ जोड़ेंगे। वहीं, रोहतक और सोनीपत जैसे विपक्ष के गढ़ वाले क्षेत्रों को एक साथ मिलाया जाएगा, ताकि विपक्ष के ज्यादातर वोट कुछ ही सीटों तक सीमित रह जाएं। राठी ने दावा किया कि इसका नतीजा यह होगा कि समान वोट प्रतिशत के बावजूद भाजपा आठ सीटें जीतेगी, जबकि कांग्रेस केवल दो सीटों तक सीमित रह जाएगी।
उधर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के जरिए भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। किशोर ने कहा कि परिसीमन को संवैधानिक प्रक्रिया के तहत जरूरी मानने के बावजूद इसके पीछे सरकार की मंशा को लेकर लोगों के मन में संशय और विरोध दोनों है। बांकीपुर के विधायक ने इस मुद्दे पर कहा कि संवैधानिक रूप से सरकार का मानना है कि परिसीमन होना चाहिए, लेकिन सरकार की जो मंशा है, उसको लेकर लोगों में विरोध है। लोगों का मानना है कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में पुनर्गठन के नाम पर भाजपा को बड़ा फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। इसके अलावा, राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है।
