केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भारत के नक्शे के जरिए बताया है कि डिलिमिटेशन बिल पास होने के बाद देश का सियासी नक्शा कैसे बदलेगा। मोदी सरकार ने कैबिनेट से डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब इसे संसद के विशेष सत्र में लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि वह दो तिहाई बहुमत से इसे पास करवा लेगी। केंद्र सरकार ने बिल पास करवाने के लिए विपक्षी एकता में भी सेंधमारी की है। इंडिया अलायंस के कई दल बिल का सपोर्ट करने जा रहे हैं। शरद पवार की एनसीपी-एसपी बिल का समर्थन करेगी और एमके स्टालिन की डीएमके ने भी बिल को सपोर्ट करने का ऐलान किया है।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट किए नक्शे के जरिए बताया है कि भारत के सभी राज्यों में लोकसभा सीटें बढ़ जाएंगी। अभी देश में 543 लोकसभा सीटें हैं, जोकि बढ़कर 816 हो जाएंगी। हर राज्य में 50 फीसदी सीटें बढ़ने वाली हैं। इसके तहत यूपी में अभी 80 सीटें हैं, जोकि बढ़कर 120 हो जाएंगी। तमिलनाडु में 39 से 59 सीटें होने का प्रस्ताव है। नए सियासी मैप के अनुसार, केरल की 20 सीटें बढ़कर 30 हो जाएंगी। वहीं, कर्नाटक में 28 सीटें बढ़कर 42 हो जाएंगी। गुजरात में अभी 26 सीटें हैं, जोकि बढ़कर 39 हो जाएंगी। बिहार की 40 सीटें बढ़कर 60 हो जाएंगी।
मेघवाल ने एक्स पर कहा कि लोकसभा की संख्या 50 फीसदी बढ़कर मौजूदा 543 सीटों से 816 होने के साथ हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में संसदीय प्रतिनिधित्व में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट का डिलिमिटेशन अमेंडमेंट बिल को मंजूरी देना डेमोक्रेटिक रिप्रेजेंटेशन को मजबूत करने और 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 फीसदी रिजर्वेशन का रास्ता बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि भारत के लोग ऐसे रिप्रेजेंटेशन के हकदार हैं जो उनकी उम्मीदों को दिखाए और अब उन्हें यह मिलने वाला है। यह सिर्फ एक कानूनी सुधार से कहीं ज्यादा है और सबको साथ लेकर चलने वाले लोकतंत्र तथा देश बनाने में नारी शक्ति की सही जगह के लिए एक पक्का वादा है।
एनडीए के सीटों के आंकड़ों की बात करें तो अभी एनडीए के पास लोकसभा में 320 सीटें हैं। इसमें डीएमके, शरद पवार की एनसीपी-एसपी और वाईएसआर कांग्रेस का भी समर्थन मिलने की उम्मीद है। डीएमके के 22, एनसीपी-एसपी के 8 और वाईएसआर कांग्रेस के चार सांसद हैं। इस तरह कुल संख्या बढ़कर 354 हो जाएगी। अभी सदन में 540 सांसद हैं, जिससे दो तिहाई का आंकड़ा 360 हो जाता है। यानी कि छह सांसदों की कमी है, लेकिन वोटिंग के दौरान कुछ सांसद गायब रह सकते हैं, जिससे डिलिमिटेशन बिल आसानी से पास हो सकता है।
