मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जला दिया गया है। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उठाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच दीप जलाने के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन मौजूद रहे। जस्टिस वैद्यनाथन ने कहा कि शिला स्तंभ पर दीपम प्रज्वलित करने को लेकर उच्चतम न्यायालय के आदेश का कार्यान्वयन किया गया और मुस्लिम समुदाय की ओर से कोई प्रतिरोध नहीं किया गया, सद्भाव कायम है।

दीपम जलाए जाने के दौरान मौजूद भक्तों ने भगवान मुरुगन की जय का उद्घोष किया। ‘वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के बीच दीपम जलाया गया। इसमें 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया। भक्तों ने जश्न मनाया और पटाखे फोड़े। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा हुए।

जिला प्रशासन ने पहले घोषित किया था कि दीपम जलाने के लिए पहाड़ी पर जाने की केवल 50 श्रद्धालुओं को अनुमति रहेगी। अधिकारियों ने सार्वजनिक सुरक्षा, पहाड़ी की संरचनात्मक स्थिरता और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सीआरपीएफ के जवानों ने पहाड़ी क्षेत्र का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था और बिना अनुमति चढ़ने की कोशिश करने वालों को रोका गया। सीआरपीएफ के दक्षिणी क्षेत्र के महानिरीक्षक टी. विक्रम ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य उच्चतम न्यायालय के आदेशों को लागू करना रहा।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कार्तिगई दीपम विवाद पर अपने पहले के निर्देश का जानबूझकर उल्लंघन करने के लिए तमिलनाडु सरकार को अवमानना नोटिस जारी किया था और आदेश दिया था कि शनिवार को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीप स्तंभ पर धार्मिक अनुष्ठान के तहत दीपक जलाया जाए।