कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में हुए दो दिवसीय नेशनल लंग्स कैंसर कॉन्फ्रेंस में देशभर से आए पल्मोनोलॉजिस्ट ने फेफड़ों के कैंसर को लेकर चिंता जताई। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टीबी एंड रेस्पिरेटरी के डॉ. जेके सैनी ने बताया कि लक्षणों की पहचान में देरी के कारण लंग्स कैंसर से ग्रसित केवल पांच प्रतिशत मरीज ही समय पर इलाज करा पा रहे हैं। वहीं 95 प्रतिशत मरीज खांसी, वजन कम होना और बलगम में खून आने जैसे लक्षणों को सामान्य मानकर झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 70 से 80 प्रतिशत लंग्स कैंसर मरीज तीसरे व चौथे स्टेज पर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
सम्मेलन में बताया गया कि देश में हर साल सामने आ रहे लंग्स कैंसर के लगभग 85 हजार मामलों में करीब 50 हजार मौतें बीमारी की अनदेखी के कारण हो रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अस्थमा, सीओपीडी और लंग्स कैंसर सहित सांस की बीमारियों के आधे से ज्यादा मामलों में पैसिव स्मोकिंग यानी दूसरों के धूम्रपान के धुएं से खतरा बढ़ रहा है। ऐसे मरीज भी सामने आ रहे हैं जिन्होंने कभी बीड़ी-सिगरेट नहीं पी। ग्रामीण क्षेत्रों से आ रहे लंग्स कैंसर के 80 प्रतिशत मरीजों की हिस्ट्री में चूल्हे का धुआं और अन्य प्रकार का धुआं कारण बनकर सामने आया है।
राष्ट्रीय क्षय रोग संस्थान के डॉ. प्रकाश ने कहा कि टीबी और लंग्स कैंसर के हर दूसरे मरीज में एक से डेढ़ सप्ताह की खांसी मुख्य कारण बन रही है, जिसकी अनदेखी से गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों के सेंटरों में टीबी के ज्यादातर मरीजों में इलाज में लापरवाही और दवा खाने में मनमानी से भी कैंसर का खतरा बताया गया। विशेषज्ञों के अनुसार समय पर स्क्रीनिंग कर लंग्स कैंसर के खतरे को 95 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।
सम्मेलन में युवाओं में हुक्का और ई-सिगरेट के बढ़ते शौक को सांस की बीमारियों का कारण बताया गया। 15 से 22 साल के युवा सबसे ज्यादा इसकी चपेट में आ रहे हैं। पीजीआई चंडीगढ़ की डॉ. दिव्या ने कहा कि फेफड़ों की गांठ में रेडियोथेरेपी रेडिएशन की हाई डोज कारगर साबित हो रही है, जिसकी मदद से अब बिना चीर-फाड़ के गांठ का इलाज किया जा रहा है।
