कर्नाटक में हाथियों के स्थानांतरण के फैसले के विरोध में मुदिगेरे से कांग्रेस विधायक नयना मोटाम्मा ने सोमवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा स्पीकर जीएस पाटिल ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और कहा कि यह सही फॉर्मेट में जमा करना होगा।
मोटाम्मा सुबह अपना इस्तीफा लेकर स्पीकर के कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने बताया कि इस्तीफा निर्धारित फॉर्मेट में नहीं है। इसके बाद उन्होंने स्पीकर के प्राइवेट सेक्रेटरी के कार्यालय में भी अपना पक्ष रखा। स्पीकर ने स्पष्ट कहा कि इस्तीफा देने के लिए नियमों के मुताबिक सही फॉर्मेट में लिखित आवेदन देना होगा।
विधायक वन विभाग के उस फैसले का विरोध कर रही हैं, जिसके तहत हासन जिले के बेलूर से करीब 50 से 60 हाथियों को चिकमगलूर जिले के मुदिगेरे स्थित टटकोला रिजर्व फॉरेस्ट के आसपास के इलाके में शिफ्ट करने का आदेश दिया गया था। यह फैसला पिछले हफ्ते हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत के बाद लिया गया था। मोटाम्मा का तर्क है कि इससे उन किसानों को नुकसान होगा, जो पहले से हाथी-मनुष्य टकराव से जूझ रहे हैं।
रविवार को चिकमगलूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोटाम्मा ने रिलोकेशन का आदेश तुरंत वापस लेने की मांग की थी और कहा था कि पहले भेजे जा चुके हाथियों को मुदिगेरे के बजाय किसी सुरक्षित जगह भेजा जाए। उन्होंने वन विभाग पर जनप्रतिनिधियों से सलाह न लेने का गंभीर आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि हासन और चिकमगलूर के मुख्य वन संरक्षक (CCF) ने उनसे संपर्क कर आश्वासन दिया कि ऑपरेशन रोक दिया गया है। मोटाम्मा इस आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और रात में भगाए गए हाथियों को वापस लाने की मांग कर रही हैं, साथ ही ऐसा न होने पर दोबारा इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
