काशीपुर (ऊधम सिंह नगर) में एक पूर्व सीआरपीएफ जवान ने कथित तौर पर एक महिला और उसके दो बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किया। पुलिस के अनुसार, आरोपित संजय कुमार को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 18 नवंबर की रात खड़कपुर देवीपुरा में हुई, जब महिला ने आरोपित के साथ जाने से मना किया था।

एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने शुक्रवार को मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि वादी सचिन कुमार 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे बरेली से ट्रेन से काशीपुर पहुंचे। तभी उनकी पत्नी का फोन आया कि संजय ने उन पर हमला कर दिया है, जिसके बाद संपर्क टूट गया। घर पहुंचने पर सचिन को गेट, रैंप, बरामदे, लाबी और कमरे में खून बिखरा मिला। किरायेदारों ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर वे बाहर आए थे, तब एक व्यक्ति उन्हें और दो बैगों को सीआरपीएफ लिखी कार में बैठाकर ले गया था। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से तलाश करने पर पत्नी और दोनों बच्चे केवीआर अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती मिले। उन्हें भर्ती कराने वाला संजय भी वहीं मिला।

पूछताछ में पता चला कि संजय ने घर में घुसकर महिला पर साथ चलने का दबाव बनाया और मना करने पर खुखरी से उसकी गर्दन तथा बच्चों के मुंह, गर्दन और उंगली पर वार कर दिए। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। तहरीर के आधार पर 19 नवंबर को हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई, बाद में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपित संजय ने वर्ष 2024 में सीआरपीएफ से वीआरएस लिया था। सचिन से उसकी जान-पहचान और रुपयों का लेन-देन था। रुपये मांगने पर सचिन ने नहीं दिए, जिसके बाद संजय ने सचिन की पत्नी का मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू की और घनिष्ठता बढ़ा ली। मई 2026 में उसने लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र भी बनवा लिया और अपनी पत्नी को तलाक देने की प्रक्रिया शुरू कर दी, लेकिन रिंकी साथ आने को तैयार नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर में संजय रिंकी के घर गया, गेट बंद मिला तो लौट गया। फिर केंद्रीय विद्यालय से बच्चों को कार में बैठाकर घर ले आया। रिंकी ने फोन पर कहा कि सचिन घर पर है, तो वह इंतजार करता रहा। घर खाली होने पर जाली वाला गेट खुला देखकर वह अंदर घुस गया। रात करीब नौ बजे रिंकी आई तो उसे देखकर भागने लगी। संजय ने पकड़कर पीटा, बच्चों ने विरोध किया तो उसने खुखरी से तीनों पर वार कर दिए।

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर केवीआर अस्पताल के बाहर खड़ी कार से घटना में प्रयुक्त खून से सनी खुखरी मय लकड़ी की म्यान, कार संख्या यूपी 12 एएस 7834, लाल रंग का बैग जिसमें पीड़िता के कपड़े व दस्तावेज और गहरे जामुनी रंग का बैग जिसमें बच्चों के कपड़े व लेडीज पर्स में रखे सफेद धातु के आभूषण बरामद किए।