कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड संख्या-13 निवासी डॉक्टर पवन कुमार की शादी के 24 घंटे के भीतर मौत हो गई। पवन पटना में पदस्थापित थे और उनकी शादी 25 नवंबर को चांदपुर में हुई थी, जबकि 26 नवंबर को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। परिजनों के अनुसार उन्हें पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वे खुद चिकित्सक थे।
रिसेप्शन समारोह के अंतिम दौर में दूल्हा-दुल्हन मंच पर फोटोशूट करवा रहे थे। फोटोशूट खत्म होने के बाद डॉक्टर पवन अचानक मंच पर गिर पड़े, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत सीपीआर देकर उन्हें होश में लाने की कोशिश की।
मृतक के भाई श्रवण कुमार ने बताया कि सीपीआर के दौरान पवन के मुंह से खून निकला और जांच में ब्लड प्रेशर और नब्ज की स्थिति गंभीर थी। उन्हें फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखकर पूर्णिया जाने की सलाह दी।
परिजन उन्हें पूर्णिया लेकर पहुंचे, जहां जांच में नब्ज और ईसीजी में कोई गतिविधि नहीं मिली। परिजनों को गंभीर हार्ट अटैक यानी सीवियर कार्डियक अरेस्ट की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
