ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बुलडोजर चलाया। वर्क सर्किल-3 की टीम ने खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। बताया गया है कि यहां कॉलोनाइजर बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे।

प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार की कार्रवाई में वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और उनकी टीम शामिल रही। टीम ने कॉलोनी काट रहे कालोनाइजरों को चेतावनी दी कि दोबारा अवैध निर्माण करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं है। यदि कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें और अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।